यूपीः सिलिंडर फटने से ध्वस्त हुए तीन मकान, 12 की मौत, सीएम योगी ने गहरा शोक व्यक्त किया
सिलिंडर ब्लास्ट में 11 की मौत - फोटो
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सिलिंडर ब्लास्ट से 12 लोगों की मौत गई, तो वहीं करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे में गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ितों को हर संभव मदद देने की बात कही है। वहीं इस मामले में यूपी एटीएस भी जांच करेगी।
मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के वलीदपुर नगर पंचायत में सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर सिलिंडर फटने से दो मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए। मकानों के मलबे में दबकर 12 लोगों की मौत गई।
हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सोमवार सुबह हुए इस बड़े हादसे की सूचना पर आला अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के आलावा डेढ़ दर्जन एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। हादसे वाले मकान की गली संकरी होने के कारण मलबा हटाने में दिक्कत आ रही है।
https://www.youtube.com/watch?v=G_a4e9WGQNo
बताया जाता है कि वलीदपुर नगर के संगत जी के पास छोटू विश्वकर्मा के घर में सुबह सिलिंडर में आग लग गई। सिलिंडर में आग लगने की सूचना पर आसपास के लोग भी आग बुझाने के लिए पहुंच गए। इस बीच इतने जोरदार धमाके के साथ सिलिंडर फटा कि उस मकान के साथ पास का एक अन्य मकान भी मलबे में तब्दील हो गया। मकानों में कुल 23 लोग रहते थे।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ में सिलेंडर फटने की दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था करने और इस हादसे के पीड़ितों को हर संभव मदद एवं राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।