CM योगी के शहर में चलेगा IAS दंपति का राज, घर भी चलाएंगे, गोरखपुर भी संभालेंगे
अब शहर के दो प्रमुख विभाग व प्राधिकरण को आईएएस दंपती चलाएंगे। वो हैं आपके गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अनुज सिंह और उनकी पत्नी व गोरखपुर की नई मुख्य विकास अधिकारी हर्षिता माथुर। अनुज को जीडीए के कामकाज को रफ्तार देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है तो उनकी पत्नी को ग्रामीण विकास की योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारना है।
अनुज अभी तक गोरखपुर में मुख्य विकास अधिकारी थे तो हर्षिता सिद्धार्थनगर की मुख्य विकास अधिकारी। आईएएस दंपती को बुधवार को नई जिम्मेदारी मिली है। जीडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह और उनकी पत्नी हर्षिता माथुर 2013 बैच के आईएएस हैं। अनुज बिहार के तो हर्षिता मध्य प्रदेश की रहने वाली हैं। आईएएस में सेलेक्शन के बाद दोनों की मुलाकात ट्रेनिंग के दौरान मसूरी में हुई थी। दोनों ने एक दूसरे को पसंद किया और करीब आए।